सिगरेट मांगने पर टोकना पड़ा भारी, ढाबा कर्मचारी से मारपीट और तोड़फोड़

महासमुंद। बसना क्षेत्र के एक ढाबे में सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हो गया। ढाबा कर्मचारी द्वारा युवकों को चिल्लाने से मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान एक आरोपी ने ढाबे की कुर्सियों और बर्तनों को भी इधर-उधर फेंककर तोड़फोड़ कर दी।
पुलिस के अनुसार बसना निवासी पुरुषोत्तम अग्रवाल ने शिकायत में बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे वह अपने गौरी लक्ष्मी ढाबा में बैठा था। इसी दौरान बरगांव निवासी साहिल कुमार और खेमड़ा निवासी रूपेश सेंदरिया ढाबे के पास पहुंचे और वहां काम करने वाले राज चौहान से चिल्लाकर सिगरेट मांगने लगे।
राज चौहान ने दोनों से चिल्लाने का कारण पूछा। आरोप है कि इस बात पर साहिल कुमार और रूपेश सेंदरिया ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों ने मारपीट करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसी दौरान साहिल कुमार ने ढाबे की कुर्सियों और बर्तनों को इधर-उधर फेंककर तोड़फोड़ की। शिकायत पर बसना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 324(2) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।