आइसक्रीम मांगने पर विवाद, तीन युवकों ने की मारपीट
महासमुंद। आइसक्रीम मांगने की बात को लेकर किराना दुकान पर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। तीन लोगों ने एक युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम परसकोल निवासी सचिन भोई ने शिकायत में बताया कि 8 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह अपने दोस्त सुजीत प्रधान के साथ गुलशन किराना दुकान गया था। सचिन ने दुकान संचालक गुलशन से आइसक्रीम मांगी। इस पर गुलशन ने गुस्से में कहा कि वह थक गया है और अभी आइसक्रीम नहीं दे पाएगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा।
इसी दौरान अरुण खम्हारी और बनमाली खम्हारी भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने गुलशन के साथ मिलकर सचिन से गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 296 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
