निर्माणाधीन मकान तोड़ने का आरोप, 14 लोगों पर अपराध दर्ज
भूमि पर बलात प्रवेश कर गाली-गलौज, मारपीट का आरोप
महासमुंद। ग्राम भठोरी में निर्माणाधीन मकान को कथित तौर पर तोड़ने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बसना पुलिस ने 14 नामजद लोगों सहित अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने प्रार्थी मनोज कुमार यादव की शिकायत पर बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 296 और 324(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम भठोरी निवासी मनोज कुमार यादव ने शिकायत में बताया कि उसे शासन की ओर से ग्राम भठोरी, रा.नि.मं. भूकेल, तहसील बसना स्थित खसरा नंबर 313/2, रकबा 411.53 वर्गमीटर भूमि स्वामित्व हक में प्राप्त हुई है। इस भूमि का पट्टा भी उसके पास है और वह इसी भूमि पर मकान का निर्माण करा रहा था।
प्रार्थी के मुताबिक 28 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे विजयलाल, सियाराम पटेल, लालू पटेल, प्रमोद पटेल, विनोद पटेल, सुरेश पटेल, उदेलाल पटेल, बसंत पटेल, सुलोचना पटेल, सागर बाई पटेल, अंजन मोती पटेल, काजल पटेल, बुधियारीन बाई और देवसिंग सहित अन्य लोग उसके स्वामित्व वाली भूमि पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने बलपूर्वक जमीन में प्रवेश कर उसके साथ गाली-गलौज की और निर्माणाधीन मकान को तोड़ दिया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मकान निर्माण में काम कर रहे मिस्त्री और मजदूरों के साथ मारपीट कर उन्हें मौके से भगा दिया गया। इसके अलावा होटल में रखे सामान को भी क्षतिग्रस्त करने की बात कही गई है। प्रार्थी ने अपनी पुत्री के साथ भी विनोद पटेल और रितेश पटेल द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।
मामले में बसना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर घटना के कारणों, भूमि विवाद और मारपीट समेत अन्य आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
