‘बस्तर मुन्ने’ में शामिल शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने ली बैठक
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का मिले लाभ – कलेक्टर शर्मा
गरियाबंद, 10 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर रणबीर शर्मा ने आज कलेक्टोरेट कक्ष में ‘बस्तर मुन्ने’ में शामिल शासकीय योजनाओं के संबंध में बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं, प्रमाण पत्रों तथा जनकल्याणकारी सेवाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक शासकीय सुविधाओं का लाभ पहुंचाने और विभिन्न सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पोर्टल में एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री शर्मा ने व्यक्तिगत एवं परिवारमूलक श्रेणी की कुल 31 योजनाओं की समीक्षा की। व्यक्तिगत श्रेणी में आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0, आधार कार्ड, आयुष्मान भारत, इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना, जन-धन खाता, जननी सुरक्षा योजना, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांगता पेंशन योजना, निवास प्रमाण पत्र, मतदाता पहचान पत्र, महतारी वंदन योजना, मातृ वंदना योजना, विधवा पेंशन योजना, विवाह प्रमाण पत्र, शिक्षा संबंधी सेवाएं तथा श्रमिक कार्ड जैसी योजनाएं शामिल हैं। इसी प्रकार परिवार मूलक श्रेणी में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आय प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, मृत्यु प्रमाण पत्र, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, राशन कार्ड, वन अधिकार पट्टा तथा स्वच्छ भारत मिशन को शामिल किया गया है।
इन योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, आजीविका, कृषि, आवास, पेयजल तथा स्वच्छता सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहायता प्रदान की जाती है। इसी प्रकार जाति, निवास, आय, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने हैं। बैठक में योजनाओं की सूची के आधार पर संबंधित सेवाओं की उपलब्धता एवं उनके क्रियान्वयनसे जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
