संविधान दिवस पर दुर्ग जिले के न्यायालयों एवं विधि महाविद्यालयों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
– न्यायाधीशगण, युवा अधिवक्ताओं, विधि विद्यार्थियों एवं पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने उत्साहपूर्वक लिया सहभागिता; संविधान के मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
दुर्ग, 26 नवंबर 2026/ भारतीय संविधान के अंगीकरण की स्मृति में आज संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के तत्वावधान में जिले के विभिन्न न्यायालयों, विधि महाविद्यालयों एवं अन्य स्थानों पर संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन तथा विधिक जनजागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय, दुर्ग में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के. विनोद कुजूर तथा प्राधिकरण के सचिव उमेश कुमार भागवतकर की विशेष उपस्थिति में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रम में न्यायाधीशगण एवं युवा अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विशेष रूप से युवा अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी ने संविधान के प्रति उनकी आस्था, विधि के शासन के प्रति प्रतिबद्धता तथा न्यायिक व्यवस्था के मूल्यों के प्रति सम्मान को प्रदर्शित किया।
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में स्थायी एवं निरंतर लोक अदालत की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा लकड़ा की विशेष उपस्थिति में भी भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा संविधान में निहित मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
इसी क्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भूपेश कुमार बसंत के न्यायालय सहित अन्य न्यायालयों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा संविधान में निहित मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। इसके साथ ही किशोर न्याय बोर्ड में भी श्रीमती कामिनी जायसवाल की विशेष उपस्थिति में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा संविधान में निहित मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। जिले के भिलाई-3, पाटन एवं धमधा स्थित न्यायालयों में भी न्यायाधीशगण, अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन सदस्यों की सहभागिता से संविधान दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से न्यायिक संस्थाओं में संविधान के मूल सिद्धांतों एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
विधि विद्यार्थियों के बीच संवैधानिक मूल्यों का संदेश
संविधान दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता को व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए सुराना लॉ कॉलेज एवं कल्याण लॉ कॉलेज में भी न्यायाधीशगण द्वारा विधिक जनजागरूकता कार्यक्रमों में सहभागिता की गई। इन कार्यक्रमों में विधि विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता, प्रस्तावना में उल्लिखित आदर्शों तथा न्याय व्यवस्था में संविधान की सर्वाेच्चता के महत्व से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि विधि का अध्ययन केवल कानूनी प्रावधानों का ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि संवैधानिक नैतिकता, न्यायप्रियता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने आचरण में अपनाना भी है।
पैरालीगल वॉलेंटियर्स द्वारा जनसामान्य तक पहुंचा संविधान का संदेश
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के पैरालीगल वॉलेंटियर्स द्वारा भी जिले के विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को संविधान के मूल आदर्शों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के संबंध में जानकारी दी गई। इस पहल के माध्यम से संविधान दिवस के संदेश को न्यायालयों तक सीमित न रखते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
संविधान के आदर्शों को व्यवहार में अपनाने का आह्वान
संविधान दिवस के इन आयोजनों का उद्देश्य केवल संविधान की प्रस्तावना का औपचारिक वाचन करना नहीं, बल्कि उसके मूल भाव को न्यायिक संस्थाओं, विधि समुदाय, भावी विधि विशेषज्ञों एवं आम नागरिकों के दैनिक जीवन में स्थापित करने का संदेश देना रहा। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्श एक सशक्त, समावेशी एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का आधार हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित इन विविध कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की गरिमा, अधिकारों, कर्तव्यों एवं सामाजिक सद्भाव का आधार है। संविधान के मूल्यों के प्रति जागरूकता एवं उनका पालन ही एक न्यायपूर्ण और संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक कदम है।
