छुरीडबरी में गूंजी कबड्डी की हुंकार, विधायक यादव ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने वाली प्रतियोगिताओं को बताया जरूरी, बोले- खेलों से युवाओं में अनुशासन और टीम भावना का होता विकास
महासमुंद। ग्राम पंचायत घोटियापानी के ग्राम छुरीडबरी में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक यादव ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल ग्रामीण अंचलों की पहचान हैं और इन्हें प्रोत्साहन देकर स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा सकता है।
प्रतिभाओं को मिले उचित मंच और अवसर
विधायक यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। स्थानीय स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने तथा नियमित अभ्यास के जरिए अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, मेहनत और आपसी भाईचारा है। इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ गांव में आपसी एकता और सामाजिक सद्भाव को भी मजबूत करते हैं। विधायक ने आयोजन समिति और ग्रामीणों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में तुला राम ठाकुर, नाथू राम, मुकेश ठाकुर, बाबूलाल, नेहरू चक्रधारी, बृजलाल ठाकुर, ओंकार ठाकुर, त्रिपत राम और रूप सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े