आंबेडकर स्कूल में 8 लाख से बनेगा पेवर ब्लॉक परिसर

नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने किया भूमिपूजन, बच्चों के लिए झूला-फिसलपट्टी से लेकर डिजिटल क्लास की भी तैयारी
महासमुंद। नयापारा स्थित आंबेडकर स्कूल के बच्चों को अब बारिश में कीचड़ और जलभराव के बीच स्कूल आने-जाने की परेशानी नहीं होगी। नगर पालिका द्वारा स्कूल परिसर में 8 लाख रुपए की लागत से पेवर ब्लॉक निर्माण कराया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने शनिवार को पार्षदों, शिक्षिकाओं और वार्डवासियों की मौजूदगी में निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
नपाध्यक्ष साहू ने बताया कि पूर्व में स्कूल के निरीक्षण के दौरान परिसर में मूलभूत सुविधाओं की कमी के साथ बारिश के दिनों में कीचड़ और जलभराव की समस्या सामने आई थी। इससे विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी होती थी। समस्या को देखते हुए स्कूल परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने की घोषणा की गई थी, जिस पर अब काम शुरू हो गया है। इससे परिसर स्वच्छ, व्यवस्थित और सुरक्षित होगा।
बच्चों की मांग पर लगेंगे झूले और फिसलपट्टी
निरीक्षण के दौरान स्कूल के नन्हे बच्चों ने नपाध्यक्ष से परिसर में झूला, फिसलपट्टी और खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की थी। साहू ने बच्चों की मांग पूरी करने का आश्वासन देते हुए कहा कि नगर पालिका जल्द ही स्कूल परिसर में झूला, फिसलपट्टी सहित अन्य खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
दो स्कूलों को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किया चिन्हांकित
नपाध्यक्ष ने बताया कि नगर के आंबेडकर स्कूल और श्रीराम पाठशाला को नगर पालिका ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चिन्हांकित किया है। दोनों स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण किया जाएगा। पेवर ब्लॉक के साथ बेहतर बेंच व्यवस्था, परिसर का विकास और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के बाद स्कूलों में कंप्यूटर, डिजिटल इक्विपमेंट और आधुनिक शिक्षण उपकरण उपलब्ध कराने की योजना है। उद्देश्य बच्चों को बेहतर और समयानुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
हर बच्चे को मिले अच्छी शिक्षा और बेहतर सुविधाएं
साहू ने कहा कि वे समय-समय पर शहर के शासकीय स्कूलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हैं। आंबेडकर स्कूल और श्रीराम पाठशाला में सामने आई समस्याओं को दूर करने के लिए पालिका स्तर पर आवश्यक कार्य कराए जा रहे हैं। उनकी मंशा है कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा के साथ स्कूल में जरूरी मूलभूत सुविधाएं मिलें और संसाधनों की कमी उसकी पढ़ाई में बाधा न बने। दोनों स्कूलों को वर्तमान जरूरतों के अनुरूप हाईटेक बनाने के लिए आवश्यक बजट नगर पालिका द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में वार्ड पार्षद मुस्ताक खान, सभापति ज्योति रिंकू चंद्राकर, सभापति जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, विधायक प्रतिनिधि हफीज कुरैशी, पार्षद राहुल आवड़े, नीरज चंद्राकर, धनेश्वरी सोनवानी सहित शिक्षिकाएं सीमा इंगोले, आकांक्षा भोई, क्षमा प्रधान, मुक्ता चंद्राकर, विनीता साहू, हेमलता शर्मा, अंजना शर्मा, योगिता ठाकुर, मधु साहू, पालिका स्टाफ और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े