जीआईएस संपत्ति सर्वे निरस्त कर फिर होगा सर्वे, जनता पर नहीं पड़ेगा अतिरिक्त टैक्स का बोझ
नगर पालिका की विशेष परिषद बैठक में 12 एजेंडों पर बनी सर्वसम्मति, नए पालिका भवन और बस स्टैंड निर्माण का रास्ता साफ
महासमुंद। नगर पालिका परिषद की विशेष परिषद बैठक में अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 12 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी प्रस्तावों पर परिषद ने सर्वसम्मति से सहमति जताई। बैठक में सबसे अहम निर्णय जीआईएस आधारित संपत्ति सर्वे को लेकर लिया गया। परिषद ने सर्वे में त्रुटियों का हवाला देते हुए इसे निरस्त कर पुनः सर्वे कराने तथा बढ़ते क्रम में संपत्तिकर निर्धारण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने पर सहमति दी।
बैठक की शुरुआत सीएमओ सौरभ शर्मा के स्वागत उद्बोधन और एजेंडों की जानकारी से हुई। अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि सर्वसम्मति से लिए गए निर्णयों से ही शहर का समुचित विकास संभव है। सभी पार्षदों और अधिकारियों को टीम भावना से काम करते हुए स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त आदर्श शहर बनाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
जीआईएस सर्वे पर जताई आपत्ति
विश्व बैंक परियोजना के तहत कराए गए जीआईएस आधारित संपत्ति सर्वे, नवीन संपत्तिकर डिमांड और ऑनलाइन कर वसूली के एजेंडे पर पार्षदों ने सर्वे की खामियों को लेकर आपत्ति जताई। अध्यक्ष और पार्षदों ने कहा कि त्रुटिपूर्ण सर्वे के आधार पर नागरिकों को अधिक टैक्स भुगतान की नोटिस जारी की जा रही है। परिषद ने स्पष्ट किया कि सर्वे की त्रुटियों के कारण शहरवासियों पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त टैक्स भार नहीं पड़ने दिया जाएगा। त्रुटिपूर्ण सर्वे निरस्त कर नए सिरे से सर्वे कराने तथा नीतिगत रूप से बढ़ते क्रम में टैक्स निर्धारण का प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
नए पालिका भवन और बस स्टैंड का रास्ता साफ
पुराने एसडीएम बंगले की जमीन पर कार्यालय भवन निर्माण और नवीन बस स्टैंड निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष साहू ने बताया कि नए पालिका भवन और बस स्टैंड के लिए एनओसी प्राप्त हो चुकी है। नए पालिका भवन की आर्किटेक्ट से ड्राइंग-डिजाइन भी तैयार करा ली गई है। बैठक में भवन का प्रतीकात्मक मॉडल/फोटो दिखाते हुए उन्होंने बताया कि जल्द ही शासन को प्रस्ताव भेजकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। इससे शहर को आधुनिक पालिका भवन के साथ व्यवस्थित बस स्टैंड की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
संत माता कर्मा की प्रतिमा को मंजूरी
आईडीबीआई बैंक के बाजू में ओवरब्रिज चौक के पास संत माता कर्मा की प्रतिमा स्थापना के प्रस्ताव को भी परिषद ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।
राशन कार्ड की प्रक्रिया सरल करने शासन को भेजेंगे प्रस्ताव
अध्यक्ष साहू ने अतिरिक्त एजेंडा के रूप में राशन कार्ड निर्माण में नागरिकों को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त कर प्रक्रिया को सरल करने संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजने की बात रखी। परिषद ने जनहित से जुड़े इस प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी।
पेंशन से लेकर निर्माण कार्यों पर भी चर्चाक्रमांक 15 बाजार वार्ड में पुरानी कांजी हाउस की भूमि पर व्यावसायिक परिसर निर्माण, माकड़े दुकान से महामाया रोड तक महामाया गेट निर्माण, आदर्श शहर समृद्धि
बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अन्य पेंशन योजनाओं के प्राप्त आवेदनों पर विचार कर पात्र हितग्राहियों को लाभ देने का निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के नवीन आवेदनों पर भी चर्चा हुई। शंकराचार्य भवन और वार्ड क्रमांक 11 स्थित वृद्धाश्रम के ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए प्राप्त न्यूनतम दर की स्वीकृति, वार्ड योजना सहित अन्य मदों से विभिन्न निर्माण कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेजने पर भी सहमति बनी।
इसके अलावा शहर में भारत माता चौक निर्माण तथा 3 अगस्त 2026 को हुई प्रेसीडेंट इन कौंसिल की बैठक में पारित निर्णयों के अवलोकन संबंधी एजेंडों पर भी चर्चा की गई। बैठक में उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापतिगण सूरज नायक, गुलशन साहू, जितेंद्र, देवनारायण ध्रुव, ज्योति रिंकू चंद्राकर, जय देवांगन सहित पार्षदगण, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र जैन, विधायक प्रतिनिधि हाफिज कुरैशी, एल्डरमैन, सीएमओ सौरभ शर्मा सहित नगर पालिका के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
