रायपुर जोन ने जीती ओवरऑल चैंपियनशिप, तुसदा स्कूल के खिलाड़ियों ने जीते छह पदक
14 वर्षीय रग्बी में तीन खिलाड़ियों ने दिलाया स्वर्ण, कुराश में चार खिलाड़ियों ने जीते कांस्य पदक
महासमुंद। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 3 से 6 अक्टूबर तक जिला बलौदाबाजार में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, सरगुजा और रायपुर संभाग की टीमों ने हिस्सा लिया। करीब 500 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रायपुर जोन की टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के दौरान 14 वर्ष आयु वर्ग टच रग्बी बालक-बालिका, 19 वर्ष नेटबॉल बालक-बालिका तथा 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका कुराश मुकाबले आयोजित किए गए। रायपुर जोन की टीम में शामिल महासमुंद जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।
रग्बी में तीन खिलाड़ियों ने दिलाया स्वर्ण
बागबाहरा के तुसदा हायर सेकेंडरी स्कूल के खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। 14 वर्ष बालिका टच रग्बी वर्ग में रजनी खड़िया और निशा खड़िया तथा 14 वर्ष बालक वर्ग में मितेश खड़िया ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रायपुर जोन की टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कुराश में चार कांस्य पदक
कुराश प्रतियोगिता में भी तुसदा स्कूल के खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। 17 वर्ष बालिका वर्ग में लीना पटेल और 19 वर्ष बालिका वर्ग में सोनम खड़िया ने कांस्य पदक जीता। वहीं 17 वर्ष बालक वर्ग में निखिल खड़िया तथा 19 वर्ष बालक वर्ग में आशीष जगत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस तरह तुसदा हायर सेकेंडरी स्कूल के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल छह पदक, दो स्वर्ण और चार कांस्य हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से रायपुर जोन को ओवरऑल चैंपियनशिप हासिल करने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिला।
विद्यालय में खुशी का माहौल
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजली बर्माल, जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज धृतलहरे, तुसदा स्कूल के प्राचार्य चंद्रिका प्रसाद साहू, शिक्षकगण और पीटीआई अंजू प्रजापति ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
