खंडहर मकान में चला रहा था महुआ शराब की भट्ठी, 75 लीटर शराब जब्त
महासमुंद। बसना पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से करीब 75 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 12 निवासी संजय चतुर्वेदी (36) अपने घर के सामने स्थित खंडहर मकान में अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेही से पूछताछ की। तलाशी के दौरान ड्रम में भरी करीब 75 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली दो एल्युमीनियम गंजी और एक नीला खाली प्लास्टिक ड्रम बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पिथौरा में भी 6 लीटर महुआ शराब जब्त: इसी तरह पिथौरा पुलिस ने लाखागढ़ बस्ती स्थित दुर्गा मंदिर के पास रहने वाले रवि शंकर प्रजापति के घर से 6 लीटर महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 1,200 रुपए बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
