सेवा सेतु शिविर में तीन लोगों ने लिया देहदान का संकल्प

विधायक ने किया सम्मानित, बोले- जीवन के बाद भी समाज के काम आने का अनूठा संकल्प
महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोसरंगी में आयोजित सेवा सेतु शिविर में सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल देखने को मिली। शिविर में तीन लोगों ने देहदान का संकल्प लिया। इस पुनीत निर्णय के लिए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने उन्हें शॉल, श्रीफल एवं गुलदस्ता भेंटकर सम्मानित किया।
शिविर में विधायक सिन्हा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध सामग्री के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों तक उनका लाभ पहुंचने की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे दान उत्सव के तहत देहदान के संकल्प को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए विधायक सिन्हा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में दान और सेवा की परंपरा सदियों पुरानी है। देहदान ऐसा मानवीय कार्य है, जिसके माध्यम से व्यक्ति मृत्यु के बाद भी समाज और मानवता के लिए उपयोगी योगदान दे सकता है। चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में देहदान का महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। देहदान का संकल्प लेने वाले व्यक्तियों का यह निर्णय समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करेगा। उन्होंने संकल्पकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक ने केंद्र सरकार के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार द्वारा प्रदेश में किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार विकास के मामले में पीछे नहीं रहेगी।
शिविर में जनपद अध्यक्ष दिशा दीवान, उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, जनपद सदस्य निधि चंद्राकर, विजय लक्ष्मी जांगड़े, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष दिग्विजय साहू, मंडल महामंत्री माखन सिन्हा, भाजपा नेता श्याम साकरकर, संदीप घोष, गोविंद ठाकुर, रामेश्वर पटवा, चुनेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आमजन उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े