गलत दिशा से आई कार ने बाइक को मारी टक्कर, चालक घायल
महासमुंद। एनएच-53 पर काष्ठागार कोडार के पास गलत दिशा से आ रही अज्ञात कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक घायल हो गया। घटना के बाद इलाज कराने के उपरांत पीड़ित ने तुमगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पट्टी नंबर-02 बांसकुड़ा निवासी टीकाराम पटेल 13 सितंबर को बाइक क्रमांक सीजी 06 जीटी 0597 से तुमगांव से चावल लेकर अपने घर बांसकुड़ा जा रहा था। दोपहर करीब 2.15 बजे एनएच-53 पर काष्ठागार कोडार के सामने पहुंचने पर गलत दिशा से आ रही अज्ञात कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में टीकाराम घायल हो गया। उपचार कराने के बाद उसने 3 अक्टूबर को तुमगांव थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए) एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
