गौरा चौरा में पेवर ब्लॉक निर्माण का भूमिपूजन
पालिका अध्यक्ष ने वार्डवासियों को दी विकास कार्यों की सौगात, बोले- हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता
महासमुंद। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6 नयापारा स्थित बरगद चौक के गौरा चौरा में पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का भूमिपूजन शुक्रवार को विधि-विधान से किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने वार्ड पार्षद सीता टोंडेकर के साथ पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विकास नगर पालिका की प्राथमिकता है। गौरा चौरा धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां पेवर ब्लॉक निर्माण होने से विशेषकर माताओं-बहनों को पूजा-पाठ और त्योहारों के दौरान सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नयापारा क्षेत्र के वार्डों में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। पार्षदों और आम नागरिकों के सहयोग से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में सभापति जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, ज्योति रिंकू चंद्राकर, पार्षद नीरज चंद्राकर, धनेश्वरी सोनाधार सोनवानी सहित वार्डवासी पूनम नेताम, राधा विश्वकर्मा, गंगा बाघ, सुशीला राज, अनीता गुप्ता, सतनाम, लोकेश्वरी यादव, पुन्नी बरीहा तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
