आयुष्मान कार्ड ने बढ़ाया स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा
सेवा संकल्प अभियान-सेवा की कहानी-
मोहला 2 अक्टूबर 2026/शासन की जनकल्याणकारी नीतियों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र परिवार तक आवश्यक सुविधाओं और योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य को धरातल पर साकार करने की दिशा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
ग्राम पांडूटोला निवासी श्रीमती पूर्णिमा कामरे एक मध्यमवर्गीय परिवार से हैं। उनके परिवार में कुल पांच सदस्य हैं। परिवार की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिल्हाटी में आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया था। श्रीमती पूर्णिमा कामरे के आवेदन को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु अभियान शिविर, ग्राम खड़खड़ी में प्रक्रिया पूर्ण कर आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। आयुष्मान कार्ड मिलने से उनके परिवार को उपचार के दौरान स्वास्थ्य संबंधी आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला है।
आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र परिवारों को योजना के अंतर्गत निर्धारित कैशलेस स्वास्थ्य उपचार की सुविधा मिलती है। इससे गंभीर बीमारी या अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में उपचार के खर्च का आर्थिक बोझ कम करने में सहायता मिलती है। ऐसे में श्रीमती पूर्णिमा कामरे के पांच सदस्यीय परिवार के लिए यह कार्ड स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण सहारा बना है।
श्रीमती पूर्णिमा कामरे ने आयुष्मान कार्ड प्राप्त होने पर खुशी व्यक्त करते हुए शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान शिविर के माध्यम से उन्हें अपने गांव के नजदीक ही योजना का लाभ मिला, जिससे प्रक्रिया आसान हुई और परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा मिला है।
