उत्तर बस्तर कांकेर : त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन हेतु कार्यक्रम जारी
उत्तर बस्तर कांकेर, 02 अक्टूबर 2026/छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश की विकासखण्डवार पंचायतों में होने वाले आम/उप निर्वाचन 2026 कराए जाने हेतु फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने कार्यक्रम जारी किया गया है। आयोग द्वारा जारी आदेशानुसार 05 अक्टूबर सोमवार तक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति, प्रारंभिक प्रारूप निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए कर्मचारियों का चयन एवं नियुक्ति, निर्वाचक नामावली तैयार करने वाले रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं प्राधिकृत कर्मचारियों का प्रशिक्षण तथा भारत निर्वाचन आयोग की 01.10.2026 की स्थिति में तैयार विधानसभा की अद्यतन निर्वाचक नामावली जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त किया जाएगा। इसी प्रकार 06 अक्टूबर मंगलवार तक विधानसभा की निर्वाचक नामावली वार्डवार पृथक कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा। 09 अक्टूबर शुक्रवार को प्रचलित परिसीमन के आधार पर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी निर्वाचक नामावली को वार्डवार एवं भागवार मार्किंग किया जाएगा। 12 अक्टूबर सोमवार तक वार्डवार एवं भागवार चिन्हित निर्वाचकों को साफ्टवेयर के माध्यम से दर्शित वार्ड के संबंधित भाग के अनुभाग में शिफ्ट किया जाएगा। 13 अक्टूबर मंगलवार तक निर्वाचक नामावली की चेकलिस्ट तैयार करना तथा 14 अक्टूबर बुधवार तक चेकलिस्ट की जांच कर आवश्यक त्रुटियों का सुधार कराया जाएगा। इसी प्रकार 16 अक्टूबर शुक्रवार को चेकलिस्ट संशोधन पश्चात प्रारूप निर्वाचक नामावली मुद्रण हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रदाय करना तथा 21 अक्टूबर बुधवार तक जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्वाचक नामावली का मुद्रण कराना एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
आयोग के जारी आदेशानुसार द्वितीय चरण में 23 अक्टूबर शुक्रवार से निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन एवं दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जाएगी। दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर शुक्रवार को अपरान्ह 03 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। दावे-आपत्तियों का निपटारे की अंतिम तिथि 03 नवम्बर मंगलवार तक तथा प्ररूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा प्रस्तुत करने की अंतिम 11 नवम्बर बुधवार तक निर्धारित की गई है। प्ररूप क-1 में प्राप्त दावा का निराकरण करने की अंतिम तिथि 13 नवम्बर शुक्रवार तक, दावे एवं आपत्तियां के निराकरण आदेश के विरूद्ध अपील करने की अंतिम तारीख निराकरण आदेश पारित होने के 05 दिवस के भीतर किया जाएगा। इसी प्रकार 19 नवंबर गुरूवार तक परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन के प्रकरणों की प्रविष्टि सॉफ्टवेयर में करना, 23 नवंबर सोमवार को चेकलिस्ट का निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जांच करवाना तथा पीडीएफ मुद्रण के लिए जिला कार्यालय को सौंपा जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में 27 नवंबर शुक्रवार को अनुपूरक सूची का मुद्रण कराना और अनुपूरक सूची को मूल सूची के साथ संलग्न करने का प्रावधान है। इसके बाद 30 नवंबर सोमवार को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाना निर्धारित किया गया है।
