दो मामलों में 35 लीटर शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद। बसना पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 35 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 7 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पथरला के छोटा नाला के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब लेकर मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर जबलपुर निवासी तिलकराम बरिहा (50) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 3 हजार रुपए है, बरामद की गई।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने पिरदा मोड़, गोड़मर्रा तालाब के पास इमली पेड़ के नीचे दबिश दी। यहां से पिरदा निवासी विपिन यादव (48) के कब्जे से 20 लीटर देशी हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 4 हजार रुपए बताई गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
