अवैध शराब पर आबकारी का शिकंजा: 99 लीटर महुआ शराब और 1315 किलो लाहन जब्त

बसना-बागबाहरा क्षेत्र में एक साथ कई ठिकानों पर दबिश, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक फरार, एक मामले में आरोपी अज्ञात
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बसना और बागबाहरा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 99 लीटर अवैध महुआ शराब और 1315 किलो महुआ लाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। वहीं, एक आरोपी कार्रवाई के दौरान फरार हो गया, जबकि एक मामले में आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है।
बसना क्षेत्र में दो ठिकानों पर कार्रवाई
आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम सुखापाली में दबिश देकर टिके बाई रत्नाकर के कब्जे से 7 लीटर महुआ शराब और 15 किलो महुआ लाहन बरामद किया। इसके बाद खुसरूपाली में मोहपाल कोसरिया के मकान की तलाशी ली गई, जहां से 30 लीटर महुआ शराब और बड़ी मात्रा में 900 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया।
जंगल में भी मिला अवैध शराब का जखीरा
इसी क्रम में रायपुर संभाग के उड़नदस्ते ने ग्राम सलखंड के जंगल में कार्रवाई की। यहां से 45 लीटर महुआ शराब और 400 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। जंगल में अवैध शराब बनाने के लिए बड़ी मात्रा में लाहन छिपाकर रखे जाने का मामला सामने आया है।
बागबाहरा क्षेत्र में भी दो कार्रवाई
बागबाहरा क्षेत्र में आबकारी टीम ने ग्राम सरायपाली-सुअरमाल में कमल प्रसाद टंडन के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब जब्त की। वहीं, ग्राम बोकरामुड़ा में दोलोराम गोड़ से 7 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
तीन आरोपी जेल भेजे, फरार की तलाश जारी
आबकारी विभाग ने कार्रवाई में सामने आए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। एक अन्य मामले में आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है और विभाग की ओर से विवेचना जारी है।
अवैध शराब की सूचना यहां दें
आबकारी विभाग ने नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन की सूचना देने की अपील की है। इसके लिए जिला नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 07723-299317 और राज्य स्तरीय नंबर 14405 पर सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा ‘मनपसंद’ एप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।