पहली तारीख को वेतन और पुरानी पेंशन की मांग, नगरीय निकाय कर्मचारियों ने बांह पर बांधी काली पट्टी

18 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज, 9 अक्टूबर को तूता में प्रदेशभर के कर्मचारी देंगे एक दिवसीय धरना
महासमुंद। हर महीने की पहली तारीख को वेतन भुगतान, पुरानी पेंशन योजना लागू करने समेत 18 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर नगरीय निकाय कर्मचारियों ने आंदोलन तेज कर दिया है। चरणबद्ध आंदोलन के तहत बुधवार को जिले के नगरीय निकायों में कर्मचारियों ने काली पट्टी लगाकर काम किया। कर्मचारियों ने शासन से लंबित मांगों के निराकरण के लिए समयबद्ध कार्रवाई की मांग की है। आंदोलन के अगले चरण में 9 अक्टूबर को नया रायपुर के तूता में प्रदेशभर के नगरीय निकाय कर्मचारी एक दिवसीय धरना देंगे।
इससे पहले नव नियुक्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए संभागीय और जिला स्तर पर ज्ञापन सौंपा था। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव के नाम संभागीय स्तर पर तथा उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री अरुण साव और मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के नाम जिला स्तर पर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था।
संघ के जिला अध्यक्ष शुभम सोना ने बताया कि नगरीय निकाय कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं। शासन का ध्यान इन मांगों की ओर आकर्षित करने के लिए चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार मांग उठाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
ये हैं प्रमुख मांगें
संघ की 18 सूत्रीय मांगों में हर महीने की पहली तारीख को वेतन भुगतान, पुरानी पेंशन योजना लागू करना, एनपीएस एवं जीपीएस की राशि कर्मचारियों के खातों में जमा करना, नया सेटअप तैयार करना, लंबित पदोन्नति, समयमान वेतनमान का लाभ और एरियर्स राशि का भुगतान प्रमुख हैं। इसके अलावा नई सीधी भर्ती पर रोक, संविदा एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों का नियमितीकरण तथा राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को निगमों में आयुक्त बनाए जाने की व्यवस्था में बदलाव सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
9 अक्टूबर को तूता में जुटेंगे कर्मचारी
जिला अध्यक्ष शुभम सोना ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में कर्मचारियों ने शासन के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं। इसके बाद 1 अक्टूबर को काली पट्टी लगाकर काम किया गया। इसके बावजूद मांगों के निराकरण की दिशा में समयबद्ध कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को अगले चरण में ले जाया जा रहा है। 9 अक्टूबर को नया रायपुर स्थित तूता में प्रदेशभर के नगरीय निकाय कर्मचारी एक दिवसीय धरना देंगे। संघ ने कहा है कि लंबित मांगों के निराकरण तक कर्मचारी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे।