स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल का मुद्दा गरमाया, कांग्रेस ने लगाई उपभोक्ता चौपाल
बागबाहरा के वार्ड-7 में विधायक द्वारिकाधीश यादव की मौजूदगी में सुनी गईं शिकायतें, पुराने मीटर लगाने की मांग को लेकर भरवाए आवेदन
महासमुंद। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में कथित तौर पर बढ़ोतरी की शिकायतों को लेकर बागबाहरा ब्लॉक कांग्रेस शहर का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को नगर के वार्ड क्रमांक-7 में बिजली उपभोक्ता चौपाल का आयोजन किया गया। विधायक द्वारिकाधीश यादव की मौजूदगी में हुई चौपाल में बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता पहुंचे और बढ़े हुए बिजली बिल सहित स्मार्ट मीटर से जुड़ी अपनी समस्याएं सामने रखीं। इस दौरान पुराने मीटर दोबारा लगाए जाने की मांग को लेकर प्रभावित उपभोक्ताओं से आवेदन भी लिए गए।
200-400 रुपये का बिल अब 2-3 हजार तक पहुंचने की शिकायत
चौपाल में पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि जिन घरों में पहले सामान्य तौर पर 200 से 400 रुपये तक बिजली बिल आता था, वहां अब 2 हजार से 3 हजार रुपये तक बिल पहुंच रहा है। एक महिला उपभोक्ता ने करीब 50 हजार रुपये का बिजली बिल आने की शिकायत भी रखी। उपभोक्ताओं का कहना था कि अचानक बढ़े बिजली बिलों से घरेलू बजट बिगड़ रहा है और आर्थिक परेशानी बढ़ रही है।
उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर की जांच कराने के साथ ही पुराने मीटर लगाए जाने की मांग रखी। उनका कहना था कि बिजली खपत में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने के बावजूद बिल में अप्रत्याशित वृद्धि चिंता का विषय है।
विधायक बोले- असामान्य बढ़ोतरी वाले मामलों की हो जांच
विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल में अचानक और असामान्य बढ़ोतरी हुई है, उनके मामलों की जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाने की मांग सहित उपभोक्ताओं की अन्य समस्याओं को बिजली विभाग के समक्ष रखा जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों को सामने लाने और उपभोक्ताओं की समस्याओं का संकलन करने के लिए वार्ड स्तर पर चौपाल लगाई जा रही है। चौपालों में प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभाग और शासन तक पहुंचाकर समस्याओं के निराकरण की मांग की जाएगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और उपभोक्ता रहे मौजूद
चौपाल में जिला उपाध्यक्ष फिरोज मेमन, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गा सागर, जिला महामंत्री गणेश शर्मा, जिला महामंत्री गिरीश पटेल, राजेश सोनी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष लखबीर सिंह छाबड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवेश साहू, शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष पंकज हरपाल, पार्षद मंतराम यादव, पोखराज साहू, ताम्रध्वज बघेल, अशोक अग्रवाल, नवनीत सलूजा, लोकेश दीवान, मयंक शर्मा, दिनेश मोंगरे, लोकेश उइके, भक्तराम मांझी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता उपस्थित रहे।
