70 टीमों के बीच महासमुंद ने मारी बाजी, कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब जीता

अमनपुरी-परसुली में दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन, लोहारडीह दूसरे और मधुबन खुर्द तीसरे स्थान पर रहा
महासमुंद। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अमनपुरी-परसुली (कोमाखान) में जय ठाकुर देव स्पोर्ट्स क्लब अमनपुरी के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और फाइनल मुकाबले का आनंद लिया।
प्रतियोगिता में कुल 70 टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। फाइनल मुकाबलों के बाद महासमुंद की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया। लोहारडीह की टीम द्वितीय, मधुबन खुर्द तृतीय और रामेश्वर कबड्डी दल घोयनबाहरा चतुर्थ स्थान पर रहा।
समापन अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को मिल रहा मंच
मुख्य अतिथि ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। खेल केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल के मैदान से तैयार होने वाली ऊर्जावान युवा पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकती है।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह मांझी को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर सरपंच जलसिंह चक्रधारी, जनपद सदस्य लोचन पटेल, चिंतामणि चंद्राकर, हीरा साहू, मुबारक खान, परमेश्वर पटेल, रेखराम चक्रधारी, नेताराम चक्रधारी, भाजपा युवा मोर्चा कोमाखान मंडल महामंत्री देवेंद्र चक्रधारी, ओम प्रकाश ध्रुव सहित आयोजन समिति के सदस्य, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, खेलप्रेमी युवा, मातृशक्ति एवं सियानजन उपस्थित रहे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ठाकुर ने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई देते हुए सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं।