अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के पूर्व वरिष्ठजनों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के पूर्व आज वरिष्ठ नागरिकों के लिए बृहस्पति बाजार स्थित अनुभव भवन में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुर्सी दौड़, मटका फोड़, बकेट बॉल और पासिंग बॉल जैसे खेलों में वरिष्ठजनों ने बड़े उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के पश्चात प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता वरिष्ठजनों को समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक टी.पी. भावे एवं सहायक संचालक सुमित केशरवानी द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ज्येष्ठ नागरिक संघ के अध्यक्ष अरविन्द दीक्षित और भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ के जिला अध्यक्ष राकेश जैन, श्रीमती सत्यभामा अवस्थी, बालकृष्ण अग्रवाल, प्रशांत मोकासे, संजय खुराना, वंमशी कृष्णा सिलारपू, उपेन्द्र सिंह, बसंत श्रीवास, रमाशंकर शुक्ला, रंजीत सिंह एवं अन्य वरिष्ठजनों के संगठनों के पदाधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।
विभाग के संयुक्त संचालक के टीपी भावे ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर स्थित पं. देवकीनंदन दीक्षित सभागृह में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही वरिष्ठजनों का पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण और शासकीय कलाकारों एवं वरिष्ठजनों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। विशेषज्ञों द्वारा माता-पिता भरण पोषण अधिनियम 2007, वित्तीय प्रबंधन, स्वस्थ तन स्वस्थ मन, साइबर क्राइम तथा ऑक्यूपेशनल व फिजियोथेरेपी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 1 बजे से किया जाएगा।
