संभाग स्तरीय रोजगार मेले में 388 युवाओं का चयन, 11 युवाओं को मौके पर मिले ऑफर लेटर
1765 पदों के लिए 18 कंपनियों ने की भर्ती प्रक्रिया, 2970 आवेदक हुए साक्षात्कार में शामिल
कमिश्नर सुनील कुमार जैन और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने युवाओं का बढ़ाया हौसला
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रोजगार विभाग बिलासपुर द्वारा आज मॉडल आईटीआई कोनी में संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न सेक्टरों से जुड़ी 18 कंपनियों ने लगभग 1765 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं ने मेले में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न पदों के लिए 6624 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2970 आवेदक साक्षात्कार में शामिल हुए। कंपनियों द्वारा 765 आवेदकों को प्रारंभिक रूप से चयनित किया गया तथा 388 युवाओं का अंतिम चयन किया गया I रोजगार मेले में कमिश्नर सुनील कुमार जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं अपर कलेक्टर सुश्री डॉ. ज्योति पटेल उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का अवलोकन किया और नौकरी के लिए पहुंचे युवाओं से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कमिश्नर जैन ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं और नियोक्ताओं के बीच एक उपयोगी सेतु का काम करते हैं। एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी मिलने के साथ युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी पाने का अवसर मिलता है। उन्होंने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए अन्य युवाओं से भी अपने कौशल को लगातार निखारने का आह्वान किया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले के युवाओं को स्थानीय एवं प्रतिष्ठित निजी संस्थानों में रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर में नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अलग-अलग कंपनियों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही मंच पर अनेक रोजगार विकल्प उपलब्ध होते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि रोजगार मेलों से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ा जाए।
मेले में अंतिम रूप से चयनित बिलासपुर जिले के 11 युवाओं को अधिकारियों ने मौके पर ऑफर लेटर प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। इनमें एनआईआईटी संस्था द्वारा गुलशन पटेल, योगेश कुमार यादव एवं आभा पावर संस्था द्वारा अजय कुमार, आशीष कुमार निर्मलकर, श्रीनाथ सैलेट, आशीष कुमार एक्का, राजेश कुमार केंवट, सिटी मॉल बिलासपुर द्वारा विश्वंत सिंह केंवर, आकाश सोनी, विकास कुमार खांडेकर, भूपेश कुमार राजवाड़े तथा आईसेक्ट संस्था द्वारा समीर सांडे एवं पुरुकुल संस्था द्वारा मनु कुमार बघेल को ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
