सेवा सेतु अभियान के तहत भकुर्रा नवापारा में जिला स्तरीय शिविर 1 अक्टूबर को

ग्रामीणों को मिलेगा शासन की योजनाओं का लाभ, स्वास्थ्य परीक्षण के साथ बनेंगे आयुष्मान कार्ड
बिलासपुर, 30 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘सेवा सेतु अभियानकृसरकार आपके द्वार’ के तहत 1 अक्टूबर को जनपद पंचायत तखतपुर के ग्राम भकुर्रा नवापारा में सवेरे 10 बजे से जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर ग्राम के प्राथमिक शाला प्रांगण में आयोजित होगा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ ही उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के निराकरण की पहल भी की जाएगी। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। अन्य विभागों द्वारा भी अपनी विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाया जाएगा।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शिविर से संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक सहज रूप से पहुंचाना तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित करना है।