एफएमडी वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण के लिए भैरमगढ़ पशु चिकित्सालय में पर्याप्त कोल्ड चेन व्यवस्था
बीजापुर : एफएमडी वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण के लिए भैरमगढ़ पशु चिकित्सालय में पर्याप्त कोल्ड चेन व्यवस्था
बीजापुर 28 सितम्बर 2026/मीडिया में 27 सितम्बर 2026 को प्रकाशित “फ्रीजर नहीं, खुले में पड़े मवेशियों के 2 लाख टीके” संबंधी खबर के संदर्भ में पशु चिकित्सा विभाग द्वारा स्थिति स्पष्ट की गई है। विभाग के अनुसार, शासकीय पशु चिकित्सालय भैरमगढ़ में एफएमडी (खुरहा-चपका) वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त कोल्ड चेन व्यवस्था उपलब्ध है तथा वैक्सीन का निर्धारित तापमान पर सुरक्षित भंडारण किया जा रहा है।
पशु चिकित्सालय भैरमगढ़ में निरीक्षण के दौरान वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण के लिए उपयोग किए जा रहे रेफ्रिजरेटर में अधिक मात्रा में बर्फ जमने की स्थिति दिखाई दी। वैक्सीन की गुणवत्ता एवं उपयोगिता प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए उक्त परिस्थिति में एफएमडी वैक्सीन को सावधानीपूर्वक लगभग 15 मिनट के लिए रेफ्रिजरेटर से बाहर रखा गया। आवश्यक व्यवस्था किए जाने के पश्चात वैक्सीन को निर्धारित कोल्ड चेन व्यवस्था के अंतर्गत पुनः रेफ्रिजरेटर में सुरक्षित रखा गया।
80 से 90 हजार डोज भंडारण की क्षमता उपलब्ध
विभाग के अनुसार, पशु चिकित्सालय भैरमगढ़ में टीकाद्रव्य के सुरक्षित भंडारण के लिए 1 आईएलआर, 1 फ्रीजर एवं 1 डबल डोर रेफ्रिजरेटर उपलब्ध हैं। इनकी संयुक्त भंडारण क्षमता लगभग 80 हजार से 90 हजार डोज है। इस प्रकार एफएमडी वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण के लिए संस्थान में पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है।
52,898 पशुओं का किया जा चुका है टीकाकरण
एफएमडी टीकाकरण अभियान 2026-27 के राउंड-टू के लिए पशु चिकित्सालय भैरमगढ़ को कुल 62,000 वैक्सीन डोज प्राप्त हुए थे। इनमें से 52,898 गोवंशीय एवं भैंसवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। वर्तमान में पशु चिकित्सालय भैरमगढ़ में 6,750 डोज एफएमडी वैक्सीन उपलब्ध हैं। इन वैक्सीन डोज का उपयोग आगामी एफएमडी टीकाकरण अभियान के राउंड-थ्री में गोवंशीय एवं भैंसवंशीय पशुओं के टीकाकरण के लिए किया जाएगा। पशु चिकित्सा विभाग ने स्पष्ट किया है कि एफएमडी वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण के लिए निर्धारित कोल्ड चेन व्यवस्था का पालन किया जा रहा है तथा उपलब्ध वैक्सीन को आगामी टीकाकरण अभियान के लिए सुरक्षित रखा गया है।
