गणेशोत्सव में 56 भोग, महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में भक्तिमय माहौल, महिलाओं और बच्चों ने सजाए आकर्षक आरती के थाल
महासमुंद। सिद्धिविनायक गणेशोत्सव समिति, ईडब्ल्यूएस कॉलोनी हाउसिंग बोर्ड मचेवा में गणेशोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। गणेशोत्सव के चलते पूरी कॉलोनी का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। प्रतिदिन सुबह-शाम आयोजित आरती में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी और श्रद्धालु शामिल होकर भगवान श्रीगणेश की आराधना कर रहे हैं।
काॅलोनी में विशेष पूजा-अर्चना के दौरान विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश को श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक 56 भोग अर्पित किए। इसके बाद भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। वहीं, महाकाल ग्रुप द्वारा विशेष महाकाल आरती भी की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। धार्मिक अनुष्ठान पं. शिवम महाराज पाण्डेय एवं पं. संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया।
रंग-बिरंगे आरती थाल लेकर पहुंचे श्रद्धालु
महाआरती के दौरान महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु अपने घरों से आकर्षक और रंग-बिरंगे आरती के थाल सजाकर पहुंचे और सामूहिक रूप से भगवान गणेश की आरती की। इस दौरान पूरा परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीगणेश से परिवार और समाज में सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की। समिति द्वारा गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कॉलोनीवासियों की उत्साहपूर्वक सहभागिता हो रही है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में गणेशोत्सव को लेकर विशेष उत्साह और उमंग का माहौल है।
