21.620 किलो गांजा तस्करी मामले में मुख्य आरोपी कानपुर से गिरफ्तार

महासमुंद। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में बसना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुड्डू तिवारी के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस पहले ही गांजा सप्लाई करने वाले और कैरियर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार 18 जनवरी को पलसापाली अंतरराज्यीय चेक पोस्ट बैरियर पर वाहन जांच के दौरान बाइक क्रमांक सीजी 04 पीएन 1215 को रोका गया था। तलाशी के दौरान 21.620 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से मलकानगिरी, ओडिशा निवासी उत्तम दास (35) को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उत्तम ने बताया कि गांजा उसे ओडिशा के बालीगुड़ा निवासी शिबू से मिला था और वह गुड्डू तिवारी के कहने पर गांजा उत्तर प्रदेश ले जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर शिबा बिंधानी उर्फ शिबू को 20 जनवरी को गिरफ्तार किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गांजा मंगाने वाले मुख्य रिसीवर गुड्डू तिवारी की पहचान की। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रयागराज के टेंगाई चौराहा क्षेत्र में फास्ट-फूड की दुकान चलाता था।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।