दोस्त से मारपीट को लेकर पूछताछ करने पर विवाद, युवक ने की मारपीट

महासमुंद। तुमगांव पुलिस ने मारपीट के मामले में एक आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम खैरझिटी निवासी नाथूराम 18 सितंबर की शाम करीब छह बजे बाजार जा रहा था। इसी दौरान बुढ़वा नायक मंदिर के पास उसकी मुलाकात खोमन विश्वकर्मा से हुई। नाथूराम अपने नाती चेतन सिन्हा के साथ हुई मारपीट के संबंध में खोमन से पूछताछ कर रहा था।
इसी दौरान वहां मौजूद मनहरण साहू ने नाथूराम से कहा कि मेरे दोस्त के साथ क्यों बकवास कर रहे हो। आरोप है कि इसके बाद मनहरण ने गाली-गलौज करते हुए नाथूराम के साथ मारपीट की। पीड़ित की रिपोर्ट पर तुमगांव पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 115(2) और 296 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।