पुरानी रंजिश को लेकर युवक से मारपीट, डंडे से सिर पर किया वार

महासमुंद। पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार परसकोल निवासी लकेश्वर ध्रुव 16 सितंबर की रात करीब नौ बजे अपने दोस्त यश कुमार निषाद और विकास ध्रुव के साथ सतनामीपारा की दुकान से सामान लेकर गणेश पंडाल की ओर जा रहा था।
इसी दौरान बजरंग चौक के पास विलीप साहू ने पुरानी बातों को लेकर लकेश्वर से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान सोमेश साहू भी मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा डंडे से लकेश्वर के सिर पर वार किया।
लकेश्वर की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने विलीप साहू और सोमेश साहू के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।