विश्वकर्मा जयंती पर गांव-गांव पहुंचे भीखम सिंह ठाकुर, लोककला और युवा प्रतिभाओं का बढ़ाया उत्साह

सुखरीडबरी से डोंगरीपाली तक विभिन्न आयोजनों में हुए शामिल, पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना
महासमुंद। भगवान विश्वकर्मा जयंती एवं विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के अवसर पर जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने 17 सितंबर को खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर आयोजनों में सहभागिता की। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना करने के साथ ही कलाकारों, युवाओं और ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर श्री ठाकुर सुखरीडबरी, बिराजपाली, डोंगा खम्हरिया, खेमड़ा, कौहाकुड़ा, मुनगासेर, कोमाखान, खुड़मुड़ी, दाबपाली, नर्रा, खुटेरी (पिथौरा) और डोंगरीपाली सहित विभिन्न ग्रामों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए। सुखरीडबरी में आयोजित जय मां दुलौरिन लोककला नाचा गम्मत, बालोद के कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर लोक कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
ग्राम नर्रा में आयोजित पटपर झांकी कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने पूजा-अर्चना की तथा आयोजन समिति और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। वहीं बिराजपाली, डोंगा खम्हरिया एवं खेमड़ा में आयोजित विश्वकर्मा जयंती समारोह में शामिल होकर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। कौहाकुड़ा में आयोजित छत्तीसगढ़ी नाच पार्टी के सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां देखीं और उनका उत्साह बढ़ाया।
डीजे डांस प्रतियोगिताओं में युवा प्रतिभाओं का बढ़ाया उत्साह
मुनगासेर, कोमाखान, खुड़मुड़ी एवं दाबपाली में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिताओं में भी श्री ठाकुर शामिल हुए। उन्होंने युवा प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। दाबपाली में सुबह 7 बजे आयोजित कार्यक्रम में आयोजन समिति, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्राम खुटेरी (पिथौरा) और डोंगरीपाली में आयोजित विश्वकर्मा जयंती समारोह में भी श्री ठाकुर ने सहभागिता की। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
रामायण कार्यक्रम में हुए शामिल, शोकाकुल परिवार से की मुलाकात
विश्वकर्मा जयंती कार्यक्रमों के साथ ही श्री ठाकुर ने ग्राम ठकुरीपाली (कौसरा) में आयोजित एक दिवसीय संगीतमय रामायण कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उन्होंने धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए आयोजक समिति एवं ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं ग्राम हिच्छा (पोटिया) में यादव परिवार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
‘विश्वकर्मा सृजन और कौशल के प्रतीक’
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण, कौशल और कर्म के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन हमारी छत्तीसगढ़ी लोककला, संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी आयोजन समितियों, कलाकारों, प्रतिभागियों एवं ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विभिन्न कार्यक्रमों में कोमाखान मंडल अध्यक्ष नितिन जैन, सरपंच संघ अध्यक्ष बागबाहरा एवन साहू, ललित कुमार बया, शंकर ठाकुर, चमन ठाकुर, देव डोंगरे, जानकी कमल ठाकुर, पंकज जैन, भीमा साहू, ताराचंद देवांगन, ओमप्रकाश ध्रुव, विश्वनाथ साहू, हीरा साहू, वरिष्ठ पत्रकार ललित सोनी, मोहन सिंह ठाकुर, बेदलाल साहू, केशव यादव, मानसिंह यादव, भोलाराम ठाकुर, भागवत साहू, कृष्णा यादव, श्रवण ठाकुर, शिव कुमार ठाकुर, कन्हैया नायक, पवन नायक, महेंद्र नायक, ओंकार नायक, मेघराज ध्रुव, रतनू नायक सहित विभिन्न ग्रामों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।