कार में गांजा जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश, पुलिस ने शीशा तोड़कर बचाया सबूत

नाकाबंदी देखकर भागे तस्कर, पीछा कर दो गिरफ्तार; 28.465 किलो गांजा, कार व मोबाइल समेत 18.53 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद। पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। बसना में पुलिस नाकाबंदी देखकर भाग रहे तस्करों ने पीछा किए जाने पर कार रोककर उसमें रखे गांजे और वाहन में आग लगा दी। आरोपी कार को लॉक कर मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया। ग्रामीणों की मदद से कार का शीशा तोड़कर अंदर लगी आग बुझाई गई, जिससे गांजे के साक्ष्य को पूरी तरह नष्ट होने से बचा लिया गया।
कार की तलाशी लेने पर डिक्की में तीन अधजली प्लास्टिक बोरियों से 28.465 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, वेगनआर कार और दो मोबाइल समेत कुल 18 लाख 53 हजार 250 रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
नाकाबंदी देखकर कार मोड़ी, तेज रफ्तार से भागने लगे
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से काले रंग की वेगनआर कार क्रमांक एमपी 18 जेडएच 8555 तेज रफ्तार से बसना की ओर आ रही है। सूचना पर बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने थाना बसना के सामने सड़क पर नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की। संदिग्ध कार जैसे ही नाकाबंदी के पास पहुंची, चालक ने पुलिस को देखकर अचानक कार मोड़ दी और तेज गति से भागने लगा। टीम ने तत्काल कार का पीछा शुरू कर दिया।
कार लॉक कर गांजे में लगाई आग
पीछा करते हुए पुलिस टीम ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर मार्ग पर पहुंची। यहां आरोपियों ने कार रोक दी और पुलिस से बचने तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से कार के अंदर रखे गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी। इसके बाद कार को लॉक कर भागने लगे। पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल की ओर भागकर फरार हो गया।
कार के भीतर आग धधकती देख पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों की मदद ली और कार का सामने का शीशा तोड़कर आग बुझाई। इसके बाद डिक्की की तलाशी लेने पर तीन अधजली प्लास्टिक बोरियों में 28.465 किलो गांजा बरामद हुआ।
बलांगीर से गांजा लाकर शहडोल में खपाने की थी योजना
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा लेकर अपने साथी शिवा सिंह के साथ शहडोल (मध्यप्रदेश) जा रहे थे। रास्ते में पुलिस की नाकाबंदी देखकर उन्होंने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया। पकड़े जाने के डर से गांजे और कार में आग लगाकर साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं बीएनएस की अलग-अलग धाराओं के तहत कार्रवाई की है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।