डीजे डांस प्रतियोगिता में युवाओं ने बिखेरा हुनर, रंगारंग प्रस्तुतियों से बांधा समां

राजकट्टी में युवा मंडली एवं ग्रामवासियों ने कराया आयोजन, विजेता प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
महासमुंद। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम राजकट्टी में युवा मंडली एवं ग्रामवासियों के सहयोग से डीजे डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। रंगारंग प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि गरियाबंद जनपद पंचायत अध्यक्ष इन्द्राणी नेहरू साहू थीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत सदस्य नंदनी ओंकार साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू, ग्राम सरपंच युधिष्ठिर साहू, मधुबाला रात्रे, मनीष हरित, डॉ. परमानंद साहू, हेमंत साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
युवाओं को मिले अवसर तो निखरेगी प्रतिभा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रम युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और कला को भी बढ़ावा देते हैं। नृत्य, संगीत और कला के आयोजनों से गांव में एकता एवं उत्साह का वातावरण निर्मित होता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवा प्रतिभा से भरपूर हैं और उन्हें सही दिशा के साथ उचित अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रह सकते हैं। श्री साहू ने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। आयोजक समिति ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले अतिथियों, ग्रामीणों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।