बिजली बकायादारों पर सीएसपीडीसीएल के मास डिस्कनेक्शन अभियान में 155 से अधिक कनेक्शन काटे

109 उपभोक्ताओं से 17.49 लाख रुपए की वसूली; अवैध बिजली उपयोग के 6 मामलों में कार्रवाई
महासमुंद। विद्युत बकाया राशि की वसूली और राजस्व संग्रहण में तेजी लाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने शनिवार को जिले में विशेष ‘मास डिस्कनेक्शन’ अभियान चलाया। मुख्य अभियंता ए.के. लखेरा एवं अधीक्षण अभियंता महासमुंद वृत्त एस.के. साहू के निर्देशन में महासमुंद, पिथौरा और सरायपाली संभाग की टीमों ने बड़े बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ सघन कार्रवाई की।
अभियान के दौरान घरेलू, गैर-घरेलू, कृषि एवं औद्योगिक श्रेणी के बकायादारों के 155 से अधिक विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए गए। वहीं 109 उपभोक्ताओं से मौके पर ही 17 लाख 49 हजार 507 रुपए की बकाया राशि वसूल की गई। विद्युत अनियमितता एवं अवैध विद्युत उपयोग के 6 मामलों में विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 138 के तहत पंचनामा तैयार किया गया है। इन मामलों में थाने में सूचना देने तथा विशेष न्यायालय में प्रकरण पंजीबद्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
महासमुंद संभाग में 78 कनेक्शन काटे
महासमुंद संभाग में 144 बकायादार
उपभोक्ताओं को चिह्नित किया गया था, जिन पर कुल 79 लाख 65 हजार 44 रुपए की राशि बकाया थी। इनमें से 78 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, जिनकी बकाया राशि 44 लाख 29 हजार 269 रुपए थी। अभियान के दौरान 29 उपभोक्ताओं से 7 लाख 37 हजार 557 रुपए की तत्काल वसूली की गई। वहीं विद्युत अनियमितता के 2 मामलों में धारा 138 के तहत पंचनामा तैयार किया गया।
पिथौरा में 44 कनेक्शन विच्छेदित
पिथौरा शहर वितरण केंद्र के अंतर्गत 44 बकायादार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे गए। इन पर कुल 15 लाख 39 हजार 159 रुपए बकाया था। कार्रवाई के बाद 14 उपभोक्ताओं ने 1 लाख 97 हजार 550 रुपए जमा किए।
सरायपाली में 33 से अधिक कनेक्शन काटे
सरायपाली संभाग के छूईपाली, पाटसेन्द्री, बलौदा, सरायपाली शहर एवं सरायपाली ग्रामीण वितरण केंद्रों में भी व्यापक कार्रवाई की गई। यहां 33 से अधिक कनेक्शन विच्छेदित किए गए। प्रमुख बकायादारों में नवल अग्रवाल, बस स्टैंड सरायपाली (86,809 रुपए), मंजू सिंह, पतेरापाली (1,15,930 रुपए), राय सिंह ध्रुव, महलपारा (43,360 रुपए) तथा अनन्तराम बिशी, छूईपाली (96,110 रुपए) सहित अन्य उपभोक्ता शामिल रहे।
अभियान के दौरान सरायपाली संभाग में 66 उपभोक्ताओं से 8 लाख 14 हजार 400 रुपए की राजस्व वसूली की गई। साथ ही विद्युत अनियमितता एवं अवैध विद्युत उपयोग के 4 मामलों में धारा 138 के तहत पंचनामा तैयार किया गया।
समाधान योजना का लाभ लेने की अपील
अधीक्षण अभियंता एस.के. साहू ने जिले के उपभोक्ताओं से शासन की समाधान योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पात्र कृषि पंप, घरेलू एवं बीपीएल उपभोक्ता बकाया विद्युत बिल जमा कर नियमानुसार सरचार्ज में छूट/माफी का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि समाधान योजना की निर्धारित अवधि सितंबर माह में समाप्त हो रही है। ऐसे में पात्र उपभोक्ता अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द पंजीयन कराकर बकाया राशि जमा करें, ताकि सरचार्ज में मिलने वाली छूट का लाभ मिल सके और कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।
विच्छेदित कनेक्शन जोड़ना पड़ेगा भारी
सीएसपीडीसीएल ने स्पष्ट किया है कि बकाया वसूली के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना बकाया राशि जमा किए अथवा विभागीय अनुमति के विच्छेदित कनेक्शन दोबारा जोड़ना गंभीर अनियमितता माना जाएगा। ऐसे मामलों में विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित प्रकरणों में थाने में सूचना और विशेष न्यायालय में प्रकरण पंजीबद्ध कराया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े