ग्राम गौरव पथ से तीन गांवों में विकास को मिलेगी रफ्तार, 1.56 करोड़ के कार्य स्वीकृत

बेलसोण्डा, बरोंडाबाजार और मुनगाशेर में सड़क सह नाली निर्माण को मंजूरी; बिरकोनी औद्योगिक क्षेत्र में फ्लैटेड फैक्ट्री व टूल रूम के लिए 27.51 करोड़ स्वीकृत
महासमुंद। मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के तीन ग्रामों में सड़क सह नाली निर्माण के लिए करीब 1.56 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र बिरकोनी में फ्लैटेड फैक्ट्री एवं टूल रूम, बिल्डिंग कॉम्पलेक्स के निर्माण के लिए 27.51 करोड़ रुपए की प्रशासकीय मंजूरी दी गई है। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने इन स्वीकृतियों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा का आभार जताया है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम गौरव पथ योजना के तहत ग्राम बेलसोण्डा में शीतला मंदिर से मुख्य द्वार की ओर 600 मीटर सड़क सह नाली निर्माण के लिए 68.2108 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह ग्राम बरोंडाबाजार में मेन रोड से बस्ती की ओर 300 मीटर सड़क सह नाली निर्माण के लिए 32.8559 लाख रुपए तथा ग्राम मुनगाशेर में नरेंद्र ठाकुर के घर से अक्तिरात खड़िया के घर की ओर 500 मीटर सड़क सह नाली निर्माण के लिए 55.3231 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है।
बिरकोनी में 27.51 करोड़ के औद्योगिक निर्माण को मंजूरी
औद्योगिक क्षेत्र बिरकोनी में फ्लैटेड फैक्ट्री एवं टूल रूम, बिल्डिंग कॉम्पलेक्स के निर्माण के लिए कुल 2751.51 लाख रुपए यानी करीब 27.51 करोड़ रुपए की प्रशासकीय मंजूरी दी गई है। स्वीकृत राशि में से 40 प्रतिशत यानी करीब 1100.60 लाख रुपए (11 करोड़ रुपए) जारी करने की सहमति भी दी गई है। इस परियोजना के शुरू होने से औद्योगिक क्षेत्र में आवश्यक अधोसंरचना को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
गांवों में सड़क-नाली से सुधरेगी सुविधा
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सड़क और नाली निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों और शहरों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों, महिलाओं, गरीब परिवारों और युवाओं को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं, जबकि युवाओं के लिए शैक्षणिक संस्थानों और हाईटेक लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।

इन्हें भी पढ़े