’आशीर्वाद के एक लाख दीपों से जगमगाया शिवरीनारायण का महानदी तट’

सेवा संकल्प अभियान के तहत भव्य दीप प्रज्वलन, सेवा-सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ जिलेभर में हुआ आयोजन
रायपुर, 17 सितंबर 2026/प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जांजगीर-चांपा जिले में आज सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना का भव्य प्रदर्शन हुआ। शिवरीनारायण स्थित पावन महानदी तट पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम में एक लाख दीप प्रज्वलित किए गए। एक साथ जगमगाए दीपों से महानदी घाट का दृश्य आलोकित हो उठा और सेवा, समर्पण तथा विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचा।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर पवन साय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, राजेश्री महंत राम सुंदर दास, नगर पंचायत शिवरीनारायण अध्यक्ष राहुल थवाईत, कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महानदी घाट पर महाआरती का भी आयोजन किया गया। विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ संपन्न महाआरती से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण से भर उठा।
विधायक अमर अग्रवाल ने भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीप’ के माध्यम से जनभागीदारी का यह आयोजन सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। भारतीय संस्कृति और विरासत को आगे बढ़ाने तथा राष्ट्र के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। ‘आशीर्वाद का दीप’ में प्रज्वलित प्रत्येक दीप विकसित भारत 2047 के संकल्प के प्रति जनभागीदारी और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ये दीप सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बने हैं।
’ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्रमुख स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन’
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जांजगीर-चांपा जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। जिलेवासियों ने अपने-अपने घरों में भी दीप जलाकर अभियान में सहभागिता की। दीपों की रोशनी के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और एकजुटता का संदेश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान जिले में विभिन्न सेवा, जनकल्याणकारी एवं जनजागरूकता गतिविधियों के साथ जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन्हें भी पढ़े