महिला शिक्षक सम्मेलन में होगा मातृशक्ति का सम्मान

19-20 सितंबर को आईआर रिसॉर्ट में जुटेंगे प्रदेशभर के शिक्षक, सेवानिवृत्त शिक्षकों और सम्मानित शिक्षकों का भी होगा सम्मान
महासमुंद। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ की प्रांतीय इकाई के तत्वावधान में 19 एवं 20 सितंबर को महासमुंद के आईआर रिसॉर्ट में प्रांत स्तरीय महिला शिक्षक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, संगठन में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और मातृशक्ति के सम्मान पर विशेष रूप से चर्चा होगी।
कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी एवं सम्मेलन संयोजक तथा उप प्रांताध्यक्ष टेकराम सेन ने बताया कि 19 सितंबर को शाम 6 बजे उद्घाटन समारोह होगा। इसमें शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल होकर शिक्षकों का उत्साहवर्धन करेंगे। उद्घाटन के बाद रात 8 से 10 बजे तक विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाएगा। दूसरे दिन 20 सितंबर को सुबह 5 बजे से योग एवं प्राणायाम सत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिले के लगभग 400 सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। दोपहर 3 बजे आयोजित समापन समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शामिल होंगी।
राष्ट्रपति व राज्यपाल से सम्मानित शिक्षक भी होंगे सम्मानित
प्रमुख संगठन मंत्री ओंकार सिंह ठाकुर ने बताया कि महिला सशक्तिकरण और शिक्षक संगठन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन के दौरान जिले के उन शिक्षकों का भी सम्मान किया जाएगा, जिन्हें राष्ट्रपति एवं राज्यपाल स्तर पर सम्मान प्राप्त हो चुका है।
कार्यक्रम के सह संयोजक एवं जिलाध्यक्ष अनिल पटेल तथा संगठन मंत्री भागवत जगत भूमिल ने बताया कि सम्मेलन में शामिल होने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं के आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सम्मेलन संयोजक टेकराम सेन ने अधिक से अधिक संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि महासमुंद जिले के सभी विधायक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, प्रांतीय पदाधिकारी तथा जिला एवं विकासखंड स्तर के पदाधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। जिला सचिव जयराम पटेल ने जिले के सभी पदाधिकारियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होने की अपील की है।

इन्हें भी पढ़े