सेवा संकल्प अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाना सुनिश्चित करें : कलेक्टर

’सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश, निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर दिया जोर’
नारायणपुर, 15 सितंबर 2026// कलेक्टर नम्रता जैन ने मंगलवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की समय-सीमा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें और आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं लंबित प्रकरणों की निगरानी करें, ताकि अनावश्यक रूप से कोई आवेदन लंबित न रहे।
कलेक्टर नम्रता जैन ने आश्रम एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान आवश्यकता वाले कार्यों और समस्याओं का प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि उनका समय पर निराकरण किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि आश्रम-छात्रावासों में अनुपस्थित पाए जाने वाले अधीक्षकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नियमित निरीक्षण और व्यवस्थाओं की निगरानी पर भी जोर दिया गया। बैठक में मायका सेंटर के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को संस्थागत प्रसव और प्रसूता महिलाओं को समय पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिलीवरी से संबंधित व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा जरूरतमंद महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने जिले में चल रहे सड़क, पुलिया एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए स्वीकृत निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन निर्माण कार्यों में किसी कारण से प्रगति प्रभावित हुई है, उन्हें प्राथमिकता के साथ पुनः शुरू कर समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। संबंधित विभाग निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखें। उन्होंने सीएम एवं कलेक्टर जनदर्शन से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर इसकी जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में लंबित पेंशन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को जल्द लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान कलेक्टर नम्रता जैन ने सेवा संकल्प अभियान को जिले में शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के उद्देश्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए अधिकारी सक्रियता के साथ कार्य करें और निर्धारित गतिविधियों को समय पर पूरा करें। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की अपेक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ चित्रकांत चाली ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर टी आर माहेश्वरी, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर डी. के. कोशले, सुनील सोनपिपरे, सीएमएचओ डॉ.टी.आर.कुंवर, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नाथ पांडे सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।