श्रवण यंत्र से बदली प्रमिला की जिंदगी

नारायणपुर, 15 सितंबर 2026// कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत भरंडा निवासी कक्षा 8वीं की छात्रा प्रमिला, पिता सुकुम, को श्रवण बाधित दिव्यांगता के कारण सुनने में काफी परेशानी होती थी। शासकीय शिविर के माध्यम से प्रमिला का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। परीक्षण में उसके श्रवण बाधित दिव्यांग होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद प्रमिला का यूडीआईडी पोर्टल में पंजीयन कर दिव्यांगता प्रमाण पत्र सहित यूडीआईडी कार्ड बनाया गया। विभाग द्वारा 08 सितंबर 2026 को प्रमिला को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।
श्रवण यंत्र मिलने के बाद प्रमिला अब पहले की अपेक्षा बेहतर सुन पा रही है। इससे उसके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और वह अपनी आगे की पढ़ाई के लिए भी उत्साहित हुई है। श्रवण यंत्र के माध्यम से उसे पढ़ाई के साथ-साथ दैनिक जीवन में भी काफी सुविधा मिल रही है। प्रमिला और उसके परिवार ने शासन-प्रशासन द्वारा प्रदान की गई इस सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि श्रवण यंत्र मिलने से प्रमिला की सुनने की समस्या में काफी सुधार हुआ है और अब वह आगे की शिक्षा को लेकर अधिक उत्साहित है।