’अस्वच्छ व्यवसाय छात्रवृत्ति के लिए प्रमाण पत्र अब ऑनलाइन जारी होगा’

नारायणपुर, 15 सितंबर 2026// लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के निर्देशानुसार केन्द्र प्रवर्तित अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों की प्री-मेट्रिक छात्रवृत्ति के कम्पोनेंट-11 के अंतर्गत कक्षा 1वीं से 10वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को देय अस्वच्छ व्यवसाय छात्रवृत्ति के लिए आवश्यक अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र अब ऑनलाइन जारी किया जाएगा। इस संबंध में प्रमाण पत्र को चिप्स द्वारा तैयार कर लाइव कर दिया गया है। अस्वच्छ व्यवसाय प्रमाण पत्र को जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र की तरह अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अथवा तहसीलदार स्तर से ऑनलाइन जारी किया जाएगा। विद्यार्थियों एवं उनके पालकों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी अथवा तहसीलदार कार्यालय के लोक सेवा केन्द्र में आवेदन करना होगा। प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 10 रुपये के स्टाम्प पर शपथ पत्र के साथ निर्धारित प्रमाण पत्र प्रारूप संलग्न करना होगा। आवेदन के साथ प्रमाण पत्र प्रारूप पर संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच अथवा नगरीय क्षेत्र में पार्षद के हस्ताक्षर तथा पटवारी के हस्ताक्षर के उपरांत लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।