मुंगेली मितान की त्वरित पहल से सुरदा में सुरक्षित हुआ परिवार
जहरीला सर्प घर में घुसने की सूचना पर वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
मुंगेली, 09 सितंबर 2026/जिला प्रशासन की पहल से संचालित मुंगेली मितान कॉल सेंटर नागरिकों और प्रशासन के बीच त्वरित संवाद का माध्यम बनकर समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं और आपात जरूरतों के त्वरित समाधान के लिए जनसेवा का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसी कड़ी में ग्राम सुरदा, विकासखंड मुंगेली निवासी अजय पटेल ने मुंगेली मितान कॉल सेंटर में सूचना दी कि उनके घर में जहरीला सर्प प्रवेश कर गया है। इससे परिवार के सदस्यों में भय का माहौल था और सर्प को सुरक्षित रूप से बाहर निकालने के लिए तत्काल सहायता की आवश्यकता थी।
कॉल सेंटर ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए बिना विलंब वन विभाग को इसकी जानकारी दी और आवश्यक सहायता के लिए समन्वय किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सर्प को सुरक्षित रूप से पकड़कर वहां से ले गई। इस त्वरित कार्यवाही से परिवार को राहत मिली और संभावित खतरे को समय रहते टाल दिया गया। समस्या के समाधान के बाद मुंगेली मितान कॉल सेंटर द्वारा आवेदक से पुनः संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली गई। आवेदक ने समस्या के निराकरण की पुष्टि करते हुए संतुष्टि व्यक्त की और त्वरित सहायता के लिए प्रशासन के प्रति आभार जताया।
एक कॉल, तत्काल कार्यवाही और सुरक्षित समाधान
किसी भी शासकीय योजना से संबंधित समस्या, जनसुविधा से जुड़ी परेशानी अथवा आपातकालीन स्थिति में नागरिक जिला प्रशासन द्वारा संचालित मुंगेली मितान कॉल सेंटर से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9406275513, 9406275514, 8641002203, 9406275534 एवं 9406275535 पर संपर्क किया जा सकता है।
