केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की संभागायुक्त ने ली समीक्षा बैठक

आगमन एवं स्वागत, मुख्य मंच, लोकार्पण-भूमिपूजन, विभागीय स्टॉल,हितग्राहियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में दिए आवश्यक निर्देश
सक्ती, 09 सितंबर 2026/केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आगामी 11 सितंबर को सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश कार्यक्रम, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन तथा विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों की बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री जैन ने केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री के आगमन एवं स्वागत, मुख्य मंच की व्यवस्था, लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम, विभागीय स्टॉल, हितग्राहियों की जानकारी, बैठक एवं प्रवेश व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों एवं आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने पेयजल, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल, पार्किंग, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकासी, बैरिकेटिंग, स्वच्छता, बायो टॉयलेट तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए भीड़ प्रबंधन, सुगम आवागमन एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने कहा। संभागायुक्त ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का आपसी समन्वय से समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित हो सके।
उल्लेखनीय है कि 11 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों एवं आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के. एस. पैंकरा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े