जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न

लापरवाह निर्माण एजेंसियों पर होगी सख्त कार्रवाई
बेमेतरा 08 सितंबर 2026/- कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की अध्यक्ष सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में जिला जल स्वच्छता बनाए की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने कहा कि स्वीकृत कार्ययोजना के तहत अक्टूबर 2026 तक पूर्ण होने वाली योजनाओं में जिनमें 5 से 10 प्रतिशत कार्य ही शेष है, लेकिन एजेंसियों द्वारा रुचि नहीं ली जा रही है, ऐसी एजेंसियों को नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि पूर्व में नोटिस के बाद भी कार्य में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों को आज ही अंतिम नोटिस जारी किया जाए। समय पर कार्य पूर्ण न करने पर टेंडर निरस्त कर जमा राशि राजसात की जाएगी।
बैठक में नल जल मित्र कार्यक्रम के तहत 18 ग्राम पंचायतों में कार्यरत प्रशिक्षु नल जल मित्रों के लंबित भुगतान की सूची तैयार कर सीईओ जिला पंचायत को देने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रेमलता पद्माकर ,पीएचई के कार्यपालन अभियंता जे.पी. गोंड सहित जल जीवन मिशन अंतर्गत गठित समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े