मोंगरापाली ‘स’ में यादव सदन का भूमिपूजन
विधायक ने पूजा-अर्चना कर रखी निर्माण की नींव, बोले- सामाजिक आयोजनों के लिए मिलेगी बेहतर सुविधा
महासमुंद। ग्राम मोंगरापाली ‘स’ में यादव सदन निर्माण के लिए खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पूजा-अर्चना के साथ यादव सदन के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक द्वारिकाधीश यादव रहे, जबकि अध्यक्षता जनपद सदस्य हेमसिंग नायक ने की। भूमिपूजन के दौरान विधायक यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की नींव रखी।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक यादव ने कहा कि सामाजिक एवं सामुदायिक भवन समाज को एकजुट करने के साथ ही विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उपयोगी स्थान उपलब्ध कराते हैं। यादव सदन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की बात कही।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, सरपंच यशवंत पटेल, करतार नायक, लीलाराम साहू, गोमती चमन साहू, चैतराम यादव, विक्रम साहू, ढालेंद्र ठाकुर, टीकूराम साहू, दीपक चंद्राकर, प्रसन्न मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
ग्राम मोंगरापाली ‘स’ में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। विधायक यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में नमन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और भक्तिमय वातावरण में जन्माष्टमी पर्व मनाया।
