सड़क हादसों में घायल दो लोगों की मौत, पुलिस ने दर्ज किया अपराध
बेलसोंडा में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार ने तोड़ा दम, कांपा नाला हादसे में ट्रक चालक की मौत
महासमुंद। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। महासमुंद थाना क्षेत्र के बेलसोंडा में ट्रक की टक्कर से घायल बाइक सवार ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कांपा नाला के पास ट्रक और स्कूटी की भिड़ंत में घायल ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद अपराध दर्ज कर दुर्घटनाओं की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।
बेलसोंडा में बाइक को ट्रक ने मारी टक्कर
पहला हादसा 16 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3.20 बजे बेलसोंडा स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। पुलिस के अनुसार ट्रक क्रमांक सीजी-06 एम-1557 का चालक वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। इसी दौरान ट्रक ने बाइक क्रमांक सीजी-06 डी-4349 को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मर्ग जांच के आधार पर महासमुंद थाने में 1 सितंबर की शाम 7.20 बजे धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कांपा नाला के पास ट्रक-स्कूटी भिड़ंत
दूसरा हादसा 23 अगस्त की शाम करीब 4 बजे तुमगांव थाना क्षेत्र के एनएच-53 पर ग्राम कांपा नाला के पास हुआ। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक गांधी चौक, पाटन निवासी ताराचंद (53) ट्रक क्रमांक सीजी-04 सीएम-3268 चला रहा था। इसी दौरान ट्रक की स्कूटी से टक्कर हो गई। दुर्घटना में ताराचंद घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तुमगांव पुलिस ने मर्ग क्रमांक 69/26 की जांच के आधार पर 1 सितंबर को धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
