तीन स्कूलों में छात्राओं को बांटी गईं निःशुल्क साइकिलें
विधायक बोले- दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए सरस्वती साइकिल योजना बनी सहारा, शिक्षा से ही गढ़ेगा उज्ज्वल भविष्य
महासमुंद। शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत शासकीय हाई स्कूल परसदा (ख), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खट्टी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शेर में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की।
तीनों विद्यालयों में विधायक के पहुंचने पर स्कूल स्टाफ एवं ग्रामीणों ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई। साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरे पर खुशी नजर आई। योजना के तहत मिलने वाली साइकिल से दूरस्थ क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ उनकी पढ़ाई जारी रखने में भी मदद मिलेगी।
शिक्षा को बढ़ावा देने शासन चला रहा कई योजनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रहा है। सरस्वती साइकिल योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने के लिए सुविधाजनक साधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कई छात्राओं के सामने विद्यालय तक पहुंचने के लिए साधन का अभाव बड़ी चुनौती होता है। ऐसे में साइकिल उनके लिए सुविधा के साथ-साथ शिक्षा जारी रखने का माध्यम भी बनती है।
विधायक ने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्हें बेहतर शिक्षा, अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
‘आप देश का उज्ज्वल भविष्य हैं’
विधायक ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने माता-पिता के साथ-साथ अपने क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने की बात कही। कार्यक्रम में भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष दिग्विजय साहू, मंडल महामंत्री डॉ. माखन सिन्हा, साजन यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता गोविंद ठाकुर, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला मंत्री लच्छन ध्रुव, जनपद सदस्य पुष्पा ध्रुव, ग्राम परसदा (ख) सरपंच मिथलेश सिन्हा, ग्राम खट्टी सरपंच अनिता मोती मेहरा, सोसायटी अध्यक्ष हरेंद्र साहू, तुलाराम साहू, यादराम साहू, टीकम देवांगन, संयोजक रमेश शर्मा, शक्ति केंद्र प्रभारी खट्टी मनसाराम साहू, युवा मोर्चा अध्यक्ष शुभम बाघ, उपाध्यक्ष राजू साहू, मीडिया प्रभारी श्रीकांत शर्मा, संतोष सिन्हा, महेश जोशी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
