एक बाइक बनी सुराग, खुला 12 बाइक चोरी का राज
बसना पुलिस ने वाहन बेचने ग्राहक तलाश रहे आरोपी को पकड़ा, पांच थाना क्षेत्रों से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद
महासमुंद। बसना पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बसना समेत जिले के पांच थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था, इसी दौरान पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने एक के बाद एक 12 मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को ग्राम खरोरा निवासी नरेश डडसेना की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जीडी 0158 चोरी हो गई थी। उनका दोस्त चंद्रकिशन सोनी मोटरसाइकिल लेकर गढ़फुलझर गया था। उसने शाम करीब 3:30 से 4 बजे के बीच बाइक को शहीद चौक स्थित यादव इलेक्ट्रिकल्स के पास खड़ा किया था। कुछ देर बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत पर बसना थाने में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
चोरी की बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी
जांच के दौरान 2 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जगदीशपुर रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान टिकेश्वर बाघ (37), निवासी ग्राम बम्हनी, थाना बसना के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 10 अगस्त को गढ़फुलझर से चाबी लगी हालत में एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसे अपने घर ग्राम बम्हनी में छिपाकर रखा था। इसके बाद उसने बसना, सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों से 11 अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात भी स्वीकार की।
निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखी थीं बाइकें
आरोपी के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने ग्राम सावित्रीपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान से चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं आरोपी के घर से भी चोरी की बाइक बरामद की गई। पुलिस ने कुल 12 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई गई है।
इन थाना क्षेत्रों में हुई थीं चोरियां
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिलें बसना, सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों के अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई थीं। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान और संबंधित मामलों से उनका मिलान कर रही है।
बरामद वाहन
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पैशन प्रो, सीटी-100, एचएफ डीलक्स, प्लेटिना, ड्रीम युगा, सुपर स्प्लेंडर, ग्लैमर, सीडी डीलक्स और हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस समेत कुल 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें कुछ वाहनों के नंबर क्रमशः सीजी 04 एलबी 3350, सीजी 06 जी डब्ल्यू 9690, सीजी 06 जीडी 0158, सीजी 06 जीडी 1029, सीजी 04 एनके 9923, सीजी 06 जीयू 9294, सीजी 04 डीक्यू 7078, सीजी 22 डब्ल्यू 0494, सीजी 04 एचडब्ल्यू 4770, सीजी 04 डीएल 2082, सीजी 04 डीडी 1417 और सीजी 04 डीजे 3822 हैं।
पुलिस ने आरोपी टिकेश्वर बाघ को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
