वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा, एक दिन में 47 गिरफ्तार
विशेष सर्च मुहिम में 18 स्थायी और 29 गिरफ्तारी वारंट तामील, सभी को न्यायालय में किया पेश
महासमुंद। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने जिलेभर में एक साथ विशेष सर्च मुहिम चलाकर 47 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। इनमें 18 स्थायी वारंटी और 29 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम के उद्देश्य से 1 सितंबर से 7 सितंबर तक विशेष वारंटी धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर फरार वारंटियों की तलाश की जा रही है। इसी क्रम में 3 सितंबर को पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 47 वारंटियों को पकड़ा।
सरायपाली में सबसे ज्यादा 10 स्थायी वारंटी पकड़े गए
थानावार कार्रवाई में सरायपाली पुलिस ने 10 स्थायी वारंटियों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया। इसके बाद बसना थाना क्षेत्र में 13 वारंटियों पर कार्रवाई हुई, जिनमें 2 स्थायी और 11 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। पिथौरा में 7 गिरफ्तारी वारंट, जबकि बागबाहरा में 3 वारंटियों पर कार्रवाई की गई। बागबाहरा में एक स्थायी और दो गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
इसी तरह सांकरा में 3, कोमाखान में 3 और पटेवा में 3 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। महासमुंद थाना क्षेत्र में 2 तथा बलौदा थाना क्षेत्र में 2 स्थायी वारंटियों को पकड़ा गया। सिंघोड़ा में भी एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया गया।
कोर्ट से जारी वारंटों पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में स्थानीय न्यायालयों से जारी स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। तामील किए गए सभी वारंटियों को नियमानुसार कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालयों के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार आरोपियों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। 1 से 7 सितंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान फरार वारंटियों की धरपकड़ आगे भी जारी रहेगी।
थानावार कार्रवाई का आंकड़ा
बसना: 13- 2 स्थायी, 11 गिरफ्तारी वारंट
बागबाहरा: 3- 1 स्थायी, 2 गिरफ्तारी वारंट
पिथौरा: 7- गिरफ्तारी वारंट
सांकरा: 3- गिरफ्तारी वारंट
सिंघोड़ा: 1- स्थायी वारंट
सरायपाली: 10- स्थायी वारंट
पटेवा: 3- गिरफ्तारी वारंट
कोमाखान: 3- गिरफ्तारी वारंट
महासमुंद: 2- स्थायी वारंट
बलौदा: 2- स्थायी वारंट
