जनजातीय कारीगरों को ट्राइफेड से जुड़ने का अवसर, 19 अगस्त को सूचीबद्धता मेला

पारंपरिक एवं स्थानीय उत्पादों के बेहतर विपणन के लिए आयोजित होगा मेला
कारीगर उत्पादों के नमूने व आवश्यक दस्तावेजों के साथ करें सहभागिता
गरियाबंद, 17 अगस्त 2026/ भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ मर्यादित (ट्राइफेड), जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जिला प्रशासन गरियाबंद के सहयोग से 19 अगस्त 2026 को ऑक्शन हॉल (वन विभाग), गरियाबंद में जनजातीय कारीगर सूचीबद्धता मेला का आयोजन किया जाएगा। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि मेले में जिले के जनजातीय कारीगरों एवं उत्पादकों द्वारा निर्मित पारंपरिक एवं स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें ट्राइफेड से जोड़कर और बेहतर विपणन उपलब्ध कराया जाएगा। मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा, धातु शिल्प, मिट्टी के उत्पाद, पेंटिंग, आभूषण, कपड़ा, रेशम एवं ऊनी उत्पाद, बांस-बेंत से निर्मित सामग्री, खाद्य एवं प्राकृतिक उत्पाद सहित विभिन्न प्रकार के पारंपरिक उत्पाद तैयार करने वाले जनजातीय कारीगर एवं उत्पादक भाग ले सकते हैं। मेले में ट्राइफेड की मर्चेंडाइजिंग टीम द्वारा कारीगरों के उत्पादों के नमूनों का अवलोकन कर उपयुक्त कारीगरों एवं उत्पादों का ट्राइफेड में सूचीबद्धता के लिए चयन किया जाएगा। चयनित उत्पादों की मौके पर खरीदी कर संबंधित कारीगर या उत्पादक को भुगतान किए जाने का भी प्रावधान है।
इच्छुक जनजातीय कारीगर अपने द्वारा निर्मित उत्पादों के नमूनों के साथ आधार कार्ड, अनुसूचित जनजाति प्रमाण-पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति और बैंक खाता विवरण तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर मेले में उपस्थित हो सकते हैं। निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रतिभागियों के भोजन एवं यात्रा व्यय का वहन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक पात्र जनजातीय कारीगरों एवं उत्पादकों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। कारीगर अपने उत्पादों के नमूनों एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ 19 अगस्त 2026 को ऑक्शन हॉल (वन विभाग), गरियाबंद में आयोजित मेले में सहभागिता कर सकते हैं।