अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चार गिरफ्तार

चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 21.780 लीटर शराब जब्त, परिवहन में प्रयुक्त तीन बाइक और एक स्कूटी समेत 1.22 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
महासमुंद। जिले के चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब का परिवहन करते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 21.780 लीटर अंग्रेजी व देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 12,340 रुपए बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1,22,340 रुपए है।
बिरकोनी रोड पर पहली कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, ग्राम घोड़ारी-बिरकोनी रोड किनारे मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार भोलाराम दुबे (36), निवासी कांपा, थाना तुमगांव को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.760 लीटर देशी मसाला एवं अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत 3,440 रुपए है, बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। मामले में अपराध क्रमांक 463/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
महानदी ढाबा के पास स्कूटी सवार पकड़ाया
दूसरी कार्रवाई बिरकोनी स्थित महानदी ढाबा के पास मेन रोड पर की गई। यहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर स्कूटी सवार रविशंकर बघेल (38), निवासी तेंदूवाही, थाना तुमगांव को पकड़ा। उसके कब्जे से 5.400 लीटर देशी मसाला शराब, जिसकी कीमत 3,000 रुपए है, बरामद की गई। शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 464/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
तुमाडबरी में बाइक सवार से शराब जब्त
तीसरी कार्रवाई तुमाडबरी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने की गई। पुलिस ने यहां मोटरसाइकिल सवार संजय साहू (26), निवासी अखरापारा बेलसोंडा, महासमुंद को घेराबंदी कर पकड़ा। उसके कब्जे से 5.220 लीटर देशी मसाला शराब, कीमत 2,900 रुपए, बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। मामले में अपराध क्रमांक 465/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
बरबसपुर चौक पर चौथी कार्रवाई
चौथी कार्रवाई ग्राम बिरकोनी के बरबसपुर चौक के पास की गई। यहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोटरसाइकिल सवार तारेन निषाद (41), निवासी वार्ड क्रमांक 5 नहरपारा बड़गांव, थाना तुमगांव को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 5.400 लीटर देशी मसाला शराब, जिसकी कीमत 3,000 रुपए है, बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 466/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक पूरी कार्रवाई थाना महासमुंद पुलिस एवं एएनटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई। चारों आरोपियों को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया।