महासमुंद में शान से लहराया तिरंगा, खाद्य मंत्री ने किया ध्वजारोहण
मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का किया वाचन, 170 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
19 शहीद परिवारों का भी हुआ सम्मान
महासमुंद। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार मौजूद रहे।
मंत्री बघेल ने कलेक्टर एवं एसपी के साथ परेड का निरीक्षण किया। प्रशिक्षु सुबेदार ईश्वर साहू के नेतृत्व में 20वीं वाहिनी सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, वन विभाग, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट, गाइड और रेडक्रॉस सहित 10 टुकड़ियों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी। मंत्री ने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया तथा गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
19 शहीद परिवारों और 170 अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान
समारोह में जिले के 19 शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 170 शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
827 विद्यार्थियों ने किया योग प्रदर्शन
कार्यक्रम में 12 विद्यालयों के 827 विद्यार्थियों ने योग का शानदार प्रदर्शन किया। छह विद्यालयों के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी एवं हिंदी देशभक्ति गीतों तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से देशभक्ति और छत्तीसगढ़ की संस्कृति की छटा बिखेरी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रथम, महर्षि विद्या मंदिर मचेवा द्वितीय और शासकीय डीएमएस महासमुंद तृतीय रहा।
परेड में इन टुकड़ियों ने बाजी मारी
वरिष्ठ सशस्त्र बल समूह में 20वीं वाहिनी सशस्त्र पुलिस बल प्रथम, जिला पुलिस बल द्वितीय और नगर सेना महिला प्लाटून तृतीय रहा। वरिष्ठ समूह में सीनियर डिवीजन एनसीसी प्रथम, एनएसएस महाविद्यालय द्वितीय और जूनियर डिवीजन एनसीसी तृतीय रहा। कनिष्ठ समूह में एनएसएस आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल प्रथम, रेडक्रॉस आशी बाई गोलछा विद्यालय द्वितीय और स्काउट कनिष्ठ समूह तृतीय रहा।
साइबर जागरूकता का भी दिया संदेश
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस विभाग ने ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ थीम के तहत साइबर जागृति अभियान चलाया। सेल्फी जोन के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया और लोगों ने अभियान में सहभागिता निभाई।
समारोह में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, सीईओ जिला पंचायत अनुपमा आनंद, वनमंडलाधिकारी श्रीनिवास टी.एन. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।
