23.270 किलो गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा स्कूटी से कूदकर फरार
11.63 लाख रुपए के गांजे समेत 12.43 लाख रुपए की संपत्ति जब्त, बौद्ध से रायपुर ले जा रहे थे गांजा
महासमुंद। कोमाखान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23.270 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वहीं स्कूटी में सवार दूसरा आरोपी पुलिस की घेराबंदी के दौरान स्कूटी से कूदकर फरार हो गया। जब्त गांजे की कीमत करीब 11 लाख 63 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी और एक मोबाइल सहित कुल 12 लाख 43 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
टेमरी जांच नाका पर की जा रही थी वाहनों की जांच
पुलिस के अनुसार कोमाखान थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी क्रमांक सीजी 04 क्यूएम 8796 में दो व्यक्ति गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर ग्राम टेमरी जांच नाका में पुलिस टीम तैनात कर वाहनों की जांच शुरू की गई।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए की स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक स्कूटी को रोकने के बजाय तेज गति से भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए ग्राम पटपरपाली ग्राम पंचायत के पास स्कूटी को रोक लिया।
स्कूटी से कूदकर भागा दूसरा आरोपी
पुलिस की घेराबंदी के दौरान स्कूटी में पीछे बैठा दूसरा व्यक्ति स्कूटी से कूदकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्कूटी चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमित साहू (19), निवासी वार्ड क्रमांक 5, राजा खरियार, जिला नुआपाड़ा, ओडिशा बताया। फरार आरोपी की पहचान शंकर यादव, निवासी सबरपड़ा, राजाखरियार, जिला नुआपाड़ा, ओडिशा के रूप में हुई है।
बौद्ध से रायपुर पहुंचाने की थी योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों आरोपी बोरी में गांजा भरकर तस्करी कर रहे थे। गांजा बौद्ध, ओडिशा से रायपुर, छत्तीसगढ़ ले जाकर खपाने की योजना थी। पुलिस ने धारा 20(बी)(II)(Cसी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
